जगाधरी। बोर्ड की परीक्षा का परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों में पसंदीदा कोर्स में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में होड़ है। ऐसे में कॉलेज के दाखिला पंजीकरण में तेजी आई है। विद्यार्थियों में सबसे ज्यादा रोजगारपरक कोर्स करने की होड़ है। छात्राओं में भी रोजगारपरक कोर्स पहली पसंद बने हुए हैं। काॅलेज में छात्राएं केवल पेशेवर विषयों का चयन कर रही हैं। कॉलेज में छात्रों की अपेक्षा छात्राओं की ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। छात्राओं का रुझान कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीबीए, बीसीए, बीएससी भौतिक इत्यादि विषयों में ज्यादा है। जिस कारण इन विषयों में सबसे अधिक आवेदन हुए हैं।
छात्राओं के लिए शहर के हिंदू गर्ल्स काॅलेज में कई रोजगारपरक करवाए जा रहे हैं। शहर के बीच में होने के कारण यहां पर छात्राओं का यहां पहुंचना बेहद आसान है। इसलिए छात्राएं इस कॉलेज में दाखिला लेना अधिक पसंद कर रही हैं। बस स्टैंड से चंद कदम की दूरी पर स्थित हिंदू गर्ल्स कॉलेज में कोर्स के साथ एनसीसी, एनएसएस, यूथ क्लब सहित अन्य गतिविधियां भी करवाई जाती हैं। इस काॅलेज में यूजी के कुल सात कोर्स करवाए जाते हैं। सभी सात कोर्सेज में कुल 560 सीटें हैं। कॉलेज की प्राचार्या मोनिका खुराना ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं की सुविधा के लिए तीन हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न कमेटियां भी बनाई गई हैं।