हर दिन के साथ सर्दी भी बढ़ती जा रही है। अन्य दिनों की अपेक्षा रविवार को धूप निकलने से दिन में तो सर्दी से राहत रही। लेकिन सुबह व शाम को काफी ठंड रही। इस दौरान चली शीतलहर ने लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोका। हालात ऐसे रहे कि सुबह व शाम को सड़के सामान्य दिनों की अपेक्षा खाली दिखाई दी। रात व सुबह कोहरे ने भी अपना जोर दिखाया, लेकिन हवा होने के कारण ज्यादा देर धुंध न टिक सकी। सुबह दस बजे मौसम साफ हो गया और दिनभर धूप खिली रही। जिससे सर्दी का असर कम हुआ और लोगों को राहत मिली। जबकि सुबह व देर शाम लोगों को सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ा। ठंड के कारण शहर के तमाम बाजार, सार्वजनिक स्थल सुबह शाम खाली नजर आए। जिन स्थानों पर देर रात तक लोगों का आना जाना लगा रहता था, वहां शाम को इक्का दुक्का लोग दिखाई पड़े। तड़के धुंध होने के कारण दृश्यता काफी कम रही, ऐसे में सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
छुट्टी का दिन होने के बावजूद शाम को बाजार में लोगों की उपस्थिति काफी कम रही। ऐसे में अधिकांश दुकानदार खाली बैठे रहे। शाम को ग्राहक न होने के कारण अधिकांश दुकानों पर केवल संचालक और कर्मचारी ही नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सर्दी से राहत की कोई संभावना नहीं है। विशेषज्ञों का माना है कि पूरा सप्ताह कड़ाके की सर्दी पड़ेगी और बर्फीली हवा चलने से ठिठुरन व नमी रहेगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एमएल किचर के अनुसार इस बार पारा तीन डिग्री से भी नीचे जा सकता है। अभी बारिश की संभावना बन रही है। वहीं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सर्दी गेहूं, गन्ना व अन्य फसलों के लिए लाभदायक है। इससे पैदावार अच्छी होगी और गेहूं में दाने का फुटाव होगा। सर्दी बढ़ने से किसानों में खुशी है।