क्लीनिक पर सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम की रेड
- फोटो : संवाद
यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम ने अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक पर छापा मारा। क्लीनिक बिना लाइसेंस और डिग्री के चल रहा था। टीम को मौके से भारी मात्रा में दवाई भी मिली। टीम ने चिकित्सक को हिरासत में लेकर दवाईयों का स्टॉक जब्त कर लिया है। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
मामला यमुनानगर के जगाधरी वर्कशॉप स्टेशन के पास का है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र मे बत्ता क्लीनिक के नाम से एक क्लीनिक काफी समय से चल रहा था। जिसकी शिकायत लगातार सीएम फ्लाइंग को मिल रही थी। बुधवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने क्लीनिक पर कार्रवाई करने के लिए टीम का गठन किया। जिसमें सिविल सर्जन द्वारा नोडल अधिकारी डॉ. विपिन गोंदवाल के नेतृत्व में टीम भेजी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक पर छापा मारा।
जब टीम मौके पर पहुंची तो क्लीनिक पर डॉ. अनिल बत्ता मरीजों का उपचार करते हुए मिले। टीम ने डॉक्टर से लाइसेंस और डिग्री की मांग की। लेकिन, डॉ अनिल मौके पर कोई भी लाइसेंस और डिग्री नहीं दिखा पाए। इसके बाद टीम ने क्लीनिक में अंदर सर्च किया। जहां पर मरीजों को भर्ती करने के लिए वार्ड भी बने थे। साथ ही बड़ी मात्रा में दवाईयां भी मिली। टीम ने दवाईयों के स्टॉक की जानकारी ली तो आरोपी डॉक्टर दवाईयों के स्टॉक के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दे पाए। टीम ने इसकी सूचना फर्कपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू कर दी।
नोडल अधिकारी डॉ. नितिन गोंदवाल ने बताया कि क्लीनिक का संचालन कर रहे डॉ अनिल कोई लाइसेंस और डिग्री नहीं दिखा पाए। उनके खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। दवाईयां और अन्य सामान को सील कर दिया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।