संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर में सेल्फी लेते समय 10वीं कक्षा का छात्र नहर में डूब गया। घटना तीन दिन पहले की है। खुलासा तब हुआ जब छात्र की मां ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की सीडीआर निकाल जांच की तो अंतिम कॉल उसके दोस्त का मिला। पूछताछ में दोस्त ने छात्र के नहर में डूबने की बात बताई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जम्मू कॉलोनी की निवासी गीता रानी ने बताया कि उसका 16 साल का बेटा विक्रांत 10वीं का छात्र है। तीन दिन पहले तीज के दिन विक्रांत को उसके दो दोस्तों ने फोन कर बुलाया था और फिर तीनों पश्चिम नहर के पास घूमने चले गए थे। इसके बाद विक्रांत घर नहीं लौटा। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। विक्रांत के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ था।
इसके बाद वह थाना गांधी नगर पहुंच गई। पुलिस ने विक्रांत के मोबाइल की सीडीआर निकाल कर अंतिम कॉल का पता लगा। फोन करने वाले को बुलाया गया तो उसने बताया कि वह विक्रांत का दोस्त है और अपने एक अन्य साथी के साथ तीज वाले दिन विक्रांत को साथ लेकर नहर किनारे घुमने चले गए थे।
वहां पर नहर के बहते पानी के साथ सेल्फी लेते समय अचानक पैर फिसलने से विक्रांत नहर में बह गया। उन्होंने प्रयास किया लेकिन पलक झपकते ही उसका पता ही नहीं चला। डर की वजह से उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया था। गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि लड़का के नहर में डूबने का पता चलने पर वह मौके पर गए थे। वहां पूछताछ में मछली पकड़ने वालों ने बताया कि तीज वाले दिन एक लड़का उनके सामने ही नहर में गिरा था, जो बह कर दूर चला गया था।
एसएचओ ने बताया कि मंगलवार को एक शव पड़ोस के जिले इंद्री में नहर से मिलने की सूचना मिली है, जिसकी शिनाख्त के लिए परिजनों के साथ पुलिस टीम को भेजा है, लेकिन अब भी कुछ स्पष्ट नहीं है कि वह शव विक्रांत का है या नहीं।