यमुनानगर। एंबुलेंस में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन) मरीज या घायल की स्थिति पर तो नजर रखता है, लेकिन जरूरी मेडिकल उपकरण न होने के कारण उसका उपचार नहीं कर पाते। इसको देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने सभी सरकारी एंबुलेंस के लिए एक इमरजेंसी मेडिकल किट तैयार कराई है। इस किट में वह सभी उपकरण हैं जो उस वक्त जरूरी चाहिए होते हैं जब जरूरतमंद को एंबुलेंस में अस्पताल ले जाया जाता है। इनकी मेडिकल उपकरणों की मदद से एंबुलेंस में डालने से पहले ही मरीज या घायल को प्राथमिक उपचार मिल जाएगा।
इनकी मदद से अस्पताल पहुंचने तक मरीज की हालत को स्थिर रखा जा सकेगा। इसके बाद अस्पताल में उसका उपचार किया जाएगा। सिविल सर्जन का दावा है कि इस तरह की सुविधा हरियाणा के किसी जिले में नहीं हैं। सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि आजकल लोगों को विभिन्न प्रकार की बीमारियां चपेट में ले रही हैं। जैसे लोगों का उच्च व निम्न रक्तचाप, शुगर, ऑक्सीजन की कमी होना आम बात हो गई है। जब सड़क हादसे में किसी घायल, बीमार या गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जाता है तो उसमें तैनात ईएमटी को मरीज के स्वास्थ्य के बारे में सही जानकारी नहीं हो पाती। कई बार शुगर लेवल कम होने से मरीज बेहोश तक हो जाता है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए सभी एंबुलेंस के लिए एक इमरजेंसी किट तैयार कराई गई है।
इसमें सात प्रकार के जरूरी उपकरण हैं। जिनमें डॉक्टर स्टेथोस्कोप, ग्लूकोमीटर, डिजिटल थर्मामीटर, बीपी ऑपरेटर, नेबोलाइजर, पल्स ऑक्सीमीटर व टार्च शामिल हैं। यदि किसी की शुगर कम है तो ग्लूकोमीटर की मदद से उसकी जांच ईएमटी उसे ग्लूकोज लगा सकेगी ताकि उसका शुगर लेवल सामान्य हो सके। 15 से 20 मिनट में मरीज अस्पताल में पहुंच ही जाएगा। पहले यह सुविधा एंबुलेंस में नहीं थी। इससे मरीज की जान बचाई जा सकेगी।
डोर स्टेप पर सुविधा देने का प्रयास है
डॉ. अनुप डिप्टी सिविल सर्जन (रेफरल ट्रांसपोर्ट) डॉ. अनुप गोयल ने बताया कि लोगों को डोर स्टेप पर अच्छी सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक इस तरह की मेडिकल किट किसी एंबुलेंस में नहीं थी। पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सुविधा यमुनानगर की सबसे बेहतर है। आने वाले दिनों में इसमें और सुविधा दी जाएगी।
जिले में 23 एंबुलेंस हैं: सचिन शर्मा
एंबुलेंस कंट्रोल रूम के फ्लीट मैनेजर सचिन शर्मा ने बताया कि जिले में 23 एंबुलेंस व तीन मोबाइल मेडिकल बस हैं।
एंबुलेंस सर्विस का लोगों का काफी फायदा हो रहा है। मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा पूरी तरह से मुफ्त दी जा रही है। एंबुलेंस के लिए लोग 8168833108 या 108 नंबर पर फोन कर सकते हैं।