मुकंद लाल जिला सिविल अस्पताल 40 लाख रुपये से हराभरा होगा। अस्पताल में पौधे लगाने के लिए बागवानी विभाग को 40 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इस राशि से अस्पताल में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जा रहे हैं। यह पौधे इंडौर व आउटडोर दोनों किस्म के हैं। अस्पताल के सभी तल ओपीडी के सामने और विभिन्न जगहों पर गमलों में पौधे रखे गए हैं। इन पौधों की देखरेख जिला बागवानी विभाग खुद करेगा।
जिला अस्पताल का नया भवन अब 200 बेड के हिसाब से बनाया गया है। करीब 105 करोड़ रुपये से अस्पताल के ए व बी ब्लॉक बनाए गए हैं। यह दोनों ही ब्लॉक पांच मंजिला हैं। इसके अलावा सिविल सर्जन और पीएमओ कार्यालय के लिए सी ब्लॉक बनाया गया है। अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को हरियाली का एहसास हो इसके लिए तीनों ब्लॉक में पौधे लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से अनुमति मांगी गई थी। जिस पर विभाग ने करीब 40 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी। इसमें से 20 लाख रुपये से बागवानी विभाग ने विभिन्न प्रकार के पौधे खरीदे हैं। वहीं आधा बजट पौधों की देखरेख के लिए के लिए रिजर्व रखा गया है। इंडोर के अलावा अस्पताल के परिसर में भी पौधे लगाए जा रहे हैं। यह पौधे छायादार होंगे ताकि गर्मी के दिनों में मरीजों व तीमारदारों को इनसे फायदा मिला सके।
जिला अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि अस्पताल परिसर में पौधे लगाने के लिए करीब 40 लाख रुपये का बजट बागवानी विभाग को दिया गया है। इनमें से 20 लाख रुपये के पौधे खरीदे गए हैं जबकि आधी राशि से इनकी देखभाल पर खर्च होगी।