शहर के पुराना हमीदा में तीन तलाक का मामला सामने आया है। जहां यूपी के शामली जिले के कैराना निवासी व्यक्ति ने अपने मायके हमीदा में रह रही महिला को फोन पर तलाक-तलाक-तलाक बोलकर तलाक दे दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी व्यक्ति के गैर महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। इसी के चलते आरोपी ने तीन माह पहले उसे पीटकर घर से निकाला और अब उसे तीन तलाक दे दिया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुराना हमीदा निवासी शहनाज ने बताया कि उसका निकाह 31 जनवरी 2006 को यूपी के शामली जिले के कैराना निवासी सगीर के साथ हुआ था। इस शादी से उसके पास दो लड़के हैं। शादी के समय उसके घर वालों ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था। लेकिन उसका पति सगीर का शुरू से ही उसके साथ लगाव नहीं था। आरोप है कि उसके पति के अन्य महिलाओं के साथ संबंध थे । जिसके चलते उसका आरोपी पति उसे प्रताड़ित करता रहता था। लेकिन उसने अपने घर को बचाने के लिए सब कुछ सहा। लेकिन उसका पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसे परेशान करने लगा। आरोपी उससे अपने घर से पैसे लाने को कहने लगा। लेकिन उसने पैसे लाने से मना कर दिया। जिसपर उसके पति ने उससे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। पिछले तीन माह से वह अपनी मायके घर हमीदा में थी। इस दौरान उसने अपने घर को बचाने की हर कोशिश की, उसके पति सगीर ने उनकी कुछ नहीं सुनी। बीती 10 अक्तूबर को उसके पति पति सगीर ने उसके मोबाइल पर फोन किया और उसे कहा कि मैं तेरे साथ नहीं रहना चाहता और मैं तेरे से तलाक चाहता हूं। इसके बाद आरोपी ने उसको फोन पर तलाक तलाक तलाक बोल दिया और कहने लगा कि मेरे घर आने की जरूरत नहीं है। अपनी मां के पास ही रहो। इसके बाद आरोपी ने उसे व उसके परिजनों को अपशब्द व भला बुरा कहकर फोन काट दिया। इसके बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
जिले में तीन तलाक का पांचवां केस
बतां दे कि अब तक जिले में तीन तलाक के पांच केस दर्ज हो चुके है। इससे पहले दो केस बुड़िया व एक केस साढौरा व एक केस शहर थाना में दर्ज किया गया था। अब पुलिस ने शहर थाना क्षेत्र की हमीदा चौकी में केस दर्ज किया है। अधिकतर मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच अधिकारी एएसआई लखविंद्र मसीह का कहना है कि पुलिस ने मामले में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुस्लिम वूमेन प्रोटेक्शन राइट ऑन मैरिज एक्ट 2019 के तहत केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।