मेरगांव बेलगढ़ के समीप हरियाणा-यूपी की सीमा तय करने के लिए दोनों प्रदेशों के एसडीएम के नेतृत्व में बनी कमेटी ने पैमाइश शुरू कर दी है। कमेटी सीमा पर लगे पिलर का पता लगाकर निशानदेही शुरू करेगी। मंगलवार को दोनों जिलों के अधिकारी नक्शे की जांच पड़ताल में ही लगे रहे। जिससे निशानदेही का कार्य शुरू नहीं हो पाया।
यमुनानगर की ओर से बिलासपुर के एसडीएम डॉ. विनेश कुमार और सहारनपुर की ओर से एडीएम एसबी सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सीमा को लेकर दोनों प्रदेशों के बीच कोई विवाद नहीं है। उन्होंने बताया कि सीमा तय करने के लिए कुछ समय पहले बेलगढ़ में पिलर लगाए गए थे। जिनमें से कई पिलर नदी में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 2003 के नक्शे के मुताबिक जमीन की निशानदेही की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि यमुनानदी के किनारे लगे कई पिलर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इन स्थानों पर दोनों जिलों के अधिकारियों की आम सहमति से फिर से पिलर लगाए जाएंगे। बुधवार को जमीन की निशानदेही शुरू हो जाएगी।
रविवार को उत्तरप्रदेश पीएसी जवानों ने हरियाणा के तीन खनन सामग्री से भरे डंपर कब्जे में ले लिए थे। जिन्हें लेकर यमुनानगर पुलिस ने कड़ा एतराज जताया था। यूपी अधिकारियों का कहना था कि डंपर में खनन सामग्री यूपी क्षेत्र से चोरी की गई है। जब कि हरियाणा के क्रशर संचालकों का कहना है कि खनन सामग्री हरियाणा क्षेत्र से खुदाई की गई थी। दोनों जिलों की पुलिस फोर्स के बीच उठे विवाद को निपटाने के लिए मंगलवार को सीमा निशानदेही करने पर सहमति बनी।
बेलगढ़ स्थित हरियाणा उत्तरप्रदेश सीमा विवाद आज से नहीं 20 वर्षों से चला आ रहा है। विवाद निपटाने के लिए पैमाइश निशानदेही एक दो बार नहीं 8 बार करवाई गई, लेकिन कभी सिरे नहीं चढ़ पाई। यही नहीं सीमा पर बड़े आपराधिक मामले में दोनों प्रदेशों की पुलिस एक दूसरे के पाले में गेंद फेंकने की कोशिश करती है। सीमा विवाद के कारण हत्या का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। ऐसे मामलों में जहां दोनों प्रदेशों के अधिकारियों के समय की हानि होती है, वहीं सरकारों को राजस्व का भी चूना लग रहा है। क्षेत्र के किसान नंदलाल चौधरी, अमित कुमार, सौरभ, विनय कुमार का कहना है कि जिस प्रकार से बेलगढ़ में दोनों प्रदेशों की सीमा को लेकर हर बार विवाद गहरा जाता है। प्रशासन को पूरी शक्ति के साथ यहां पर पैमाइश का कार्य पूरा करके इस विवाद को पूर्णता खत्म करना चाहिए।
एडीएम एसबी सिंह ने बताया कि दोनों जिलों के नक्शों का मिलान व मुआयना किया जा रहा है। बेलगढ़ से लगते बेहट के एसडीएम दीप्ती देव ने बताया कि देवधर बेलगढ़ सीमा पर लगे पिलर सही नहीं है। उन्होंने बताया कि निशानदेही में दो पिलर लगाए जाते हैं, लेकिन देवधर सीमा पर केवल एक ही पिलर मिला है। इसे उचित नहीं माना जा सकता।