यमुनानगर। मुकंद लाल राष्ट्रीय वरिष्ठ मध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में लगभग 300 मॉडल बच्चों ने तैयार किए, जिनमें उन्होंने विज्ञान के अनेकों चलित और वर्णनात्मक मॉडल्स का प्रदर्शन किया।
इन मॉडल में नॉन वर्किंग ओर वर्किंग दोनों प्रकार के मॉडल्स को शामिल किया गया था। इस अवसर पर एनसीसी एयर और आर्मी विंग के विद्यार्थियों द्वारा आपरेशन सिंदूर से संबंधित मॉडल्स और चार्ट्स को विशेष रूप से सराहा गया। मुख्य अतिथि जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल रहे। उन्होंने प्रत्येक मॉडल का सूक्ष्मता के साथ निरीक्षण किया तथा मॉडल बनाने वाले विद्यार्थियों से उन मॉडल की विस्तृत जानकारी भी ली।
विज्ञापन
सभी मॉडल्स देखने के पश्चात उन्होंने बच्चों की तथा इन मॉडल्स को बनाने में मार्गदर्शन करने वाले अध्यापकों की भी प्रशंसा की। विद्यालय के रिटायर्ड अध्यापक तथा प्रबंध समिति के प्रतिनिधि दीपक चौहान व बच्चों के अभिभावक भी प्रदर्शनी को देखने के लिए पहुंचे। सभी ने बच्चों के प्रयासों की जमकर प्रशंसा की।
प्रदर्शनी की परिकल्पना, प्रबंधन तथा आयोजन रसायन विज्ञान विषय के प्राध्यापक रवि शर्मा की देखरेख में हुआ। इस प्रदर्शनी में अन्य सभी अध्यापकों ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। इस प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों ने बहुत लगन और परिश्रम के साथ अपने-अपने मॉडल तैयार किए। प्रधानाचार्य एसके नरूला ने सभी बच्चों व अध्यापकों को इस आयोजन के लिए धन्यवाद किया।