यमुनानगर। संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर-18 में जोन स्तरीय निरंकारी बाल समागम का आयोजन किया गया। समागम में जिलेभर से निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं के बच्चों ने हिस्सा लेकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
बच्चों ने भजन, कविताओं, पंजाबी भांगड़ा, कव्वाली, स्किट, गीत और भाषणों के माध्यम से निरंकारी मिशन की शिक्षाओं को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। पंजाब के पठानकोट से आए प्रचारक महात्मा अमनदीप सिंह ने कहा कि बच्चे समाज का अभिन्न अंग हैं और इन्हीं बच्चों को भविष्य में एक सुंदर व आदर्श समाज का निर्माण करना है। निरंकारी सत्संग से जुड़कर बच्चे बड़ों का आदर-सत्कार, सभी से प्रेम और भाईचारे जैसे अनेक सद्गुणों से सुशोभित होते हैं।
इस अवसर पर बच्चों ए प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में बच्चों ने नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की प्रेरणा देने वाले शानदार वर्किंग मॉडल और खेल चार्ट प्रदर्शित किए। समागम के अंत में प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों और परीक्षाओं में अव्वल अंक हासिल करने वाल छात्र-छात्राओं को महात्मा अमनदीप सिंह, संयोजक महात्मा बलराज मित्तल, संयोजक महात्मा बलदेव सिंह और ज्ञान प्रचारक महात्मा गुरनाम सिंह, डिंपल बहन ने पुरस्कृत किया। संयोजक महात्मा बलराज मित्तल ने संगत का धन्यवाद किया।