यमुनानगर। बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं से तैयार आकर्षक कलाकृतियों और बच्चों के नुक्कड़ नाटक ने लोगों को स्वच्छता व कचरा प्रबंधन का संदेश दिया। नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन स्थित मुकंद लाल पब्लिक स्कूल में वेस्ट टू वंडर प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री से सजावटी और उपयोगी वस्तुएं तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को फेंकने के बजाय उसका पुन: उपयोग और रीसाइक्लिंग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
विज्ञापन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा 4-बिन सेग्रीगेशन पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से बच्चों ने बताया कि कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग करना जरूरी है। इससे वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण, पुन: उपयोग और रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया आसान होती है।
स्वच्छ भारत मिशन के आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने कहा कि स्वच्छ शहर की शुरुआत हर घर से होती है। यदि नागरिक गीला, सूखा और अन्य श्रेणियों के कचरे को निर्धारित बिन में अलग करके देंगे तो कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।