यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की शिवपुरी बी कॉलोनी में नवजात बच्चे की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नवजात बच्चे की गला रेत कर हत्या कर दी गई। बच्चा कपड़े की गठड़ी में बंधा हुआ मिला। नवजात के पिता ने उसे जन्म देने वाली मां पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
वहीं, बच्चे की मां ने अपने पति पर आरोप जड़े हैं। पुलिस कार्रवाई के डर से परिजनों ने आनन फानन बच्चे को दफना दिया। घटना दो अप्रैल की है। वीरवार को मृतक बच्चे के पिता ने पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद मामला खुला। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर उसकी मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने बच्चे को शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शिवपुरी बी कॉलोनी निवासी सुमित कुमार ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पांच साल पहले अंबाला के अधोई गांव निवासी कोमल के साथ शादी हुई थी। पहले उनके पास दो वर्ष का बेटा है। पत्नी दूसरी बार गर्भवती हुई। दो मार्च को उसकी पत्नी कोमल ने सिविल अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था।
उसके दूसरे बेटे का जन्म आठवें महीने में ही हो गया था। जिसके चलते डॉक्टरों की निगरानी में 22 मार्च तक उसके नवजात बच्चे को सिविल अस्पताल में रखा गया। 24 मार्च को सिविल अस्पताल से उसे छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद वह अपनी पत्नी व नवजात बच्चे को अस्पताल से घर लेकर आ गया था।
दो अप्रैल की सुबह जब वह उठा तो उसकी पत्नी उसके पास लेटी हुई थी, लेकिन बच्चा गायब था। जब उन्होंने उसकी तलाश की तो बच्चा पुराने कपड़ों की गठड़ी में मृत हालत में बंधा हुआ मिला। बच्चे की नाक, मुंह व कान में रूई ठूंसी हुई थी। उसके गले पर काटने के निशान थे।
डर के चलते वह और उसके परिजन बच्चे को ससौली स्थित श्मशान घाट में दबाकर आ गए थे। अब उसे पता चला है कि उसके नवजात बच्चे की हत्या उसकी पत्नी कोमल ने की है। गांधी नगर थाना पुलिस ने सुमित की शिकायत पर उसके नवजात बेटे की हत्या के आरोप में पत्नी कोमल पर हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी बोली, पति नशे का आदी
सुमित का आरोप है कि दो अप्रैल की रात को उसकी पत्नी कोमल ने ही उसके नवजात बेटे को गला रेतकर मारा। सुबह होने पर उसने बच्चे के गुम होने का झूठा शोर मचा दिया। जब तलाश की तो बच्चे का शव कपड़ों में लिपटा मिला। बच्चे की नाक, मुंह व कान में रूई ठूंसी हुई थी। वहीं पत्नी का आरोप है कि उसका पति सुमित नशे का आदी है। वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। दो अप्रैल की रात को वह कमरे में सोई थी। रात करीब तीन बजे उसने अपने बेटे को दूध पिलाया। इसके बाद उसे बेड पर लिटा दिया। सुबह जब आंख खुली बेड पर उसका बच्चा नहीं था। उन्होंने उसकी तलाश की। इधर-उधर देखा तो बच्चे का शव कपड़ों की गठड़ी में लिपटा हुआ मिला।
गांधीनगर थाना प्रभारी महरूफ अली का कहना है कि वीरवार को मृतक बच्चे के पिता सुमित ने थाने में अपने बेटे की गला रेत कर हत्या करने की शिकायत दी। शिकायत में उसने अपनी पत्नी कोमल पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या व शव को खुर्दबुर्द करने का केस दर्ज कर लिया है। उपायुक्त के आदेशों पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के बाद दफनाए गए बच्चे के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।