कैंप क्षेत्र के
सनातन धर्म मंदिर में एक महीने पहले हुए बाल विवाह के मामले मेें फरकपुर
पुलिस ने दंपति सहित तीन लोगों पर चाइल्ड मैरिज एक्ट के तहत केस दर्ज किया
है।
पुलिस ने यह कार्रवाई प्रोटेक्शन आफिसर सीमा गर्ग द्वारा दी गई शिकायत
पर की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा
रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा। फरकपुर पुलिस को दी शिकायत
में प्रोटेक्शन आफिसर सीमा गर्ग ने कहा कि करीब एक महीने पहले उन्हें
सूचना मिली थी कि कैंप क्षेत्र स्थित सनातन धर्म मंदिर में बाल विवाह
करवाया जा रहा है।
जिन बच्चों की शादी हो रही है, उनमें लड़के की उम्र 16
तथा लड़की उम्र 15 साल के करीब है। सूचना मिलने के बाद जब वह पुलिस बल के
साथ मंदिर में पहुंची, तो उस समय तक दीपक व ज्योति का विवाह संपन्न हो चुका
था। इसके बाद उन्होंने परिजनोें से दोनों बच्चों के उम्र संबंधी दस्तावेज
दिखाने के लिए कहा।
लेकिन वे आना कानी करने लगे। जब उन पर दबाव बनाया गया,
तो उन्होंने बच्चों की उम्र से संबंधित दस्तावेज दिखा दिए। दस्तावेजों की
जांच में दोनों बच्चों की उम्र कम पाई गई। जांच के दौरान मिली शिकायत सही
पाई गई। इसके बाद उन्होंने इस संदर्भ में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने
विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी सुभाष, उसकी पत्नी सीमा तथा राज कुमार के खिलाफ
चाइल्ड मैरिज एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी
एएसआई यशपाल का कहना है कि पुलिस ने प्रोटेक्शन ऑफिसर सीमा गर्ग की शिकायत
पर दंपति सहित तीन पर केस दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर
उसने पूछताछ की जाएगी।