डेंगू के साथ चिकनगुनिया की दस्तक, दो मरीज मिले
आजाद नगर और पुराना हमीदा में मिले चिकनगुनिया के केस
- सोमवार को डेंगू के छह नए मरीज मिलने से अब जिल में 78 हुए डेंगू के केस
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डेंगू व मलेरिया के बाद अब जिले में चिकनगुनिया ने भी दस्तक दे दी है। जिले में आजाद नगर व पुराना हमीदा में चिकनगुनिया का एक-एक केस मिला है। चिकनगुनिया भी मच्छर के काटने से ही होता है। इसलिए इसके लक्षण भी डेंगू से मिलते जुलते होते हैं। जानकारी के अभाव में कई बार लोग चिकनगुनिया होने पर भी डेंगू व मलेरिया की दवा खाते रहते हैं। आजाद नगर व पुराना हमीदा में चिकनगुनिया के दो केस मिले हैं। वहीं अब जिले में डेंगू के केस में भी बढ़ोतरी हो गई है। सोमवार को जिले में डेंगू के छह नए केस मिले। अब जिले में डेंगू के कुल 78 मरीज हो गए हैं।
चिकनगुनिया का मुख्य लक्षण जोड़ों में दर्द होता है। यह बुखार दो दिनों से दो सप्ताह तक रहता है, लेकिन कई बार रोगी कई माह तक इसकी चपेट में रहता है। यह वायरस शरीर को कमजोर कर देता है। यह मादा मच्छर के काटने से होता है। खासकर सुबह या दोपहर बाद अंधेरा होने से पहले मच्छर बहुत ज्यादा सक्रिय होते हैं। इसीलिए इस समय चिकनगुनिया बहुत तेजी से फैलता है। जोड़ों में दर्द के अलावा सिर दर्द, चक्कर, थकान जैसी समस्याएं भी इसके अन्य लक्षण हो सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार अक्सर चिकनगुनिया के लक्षणों को लोग मच्छरों की वजह से होने वाली अन्य बीमारियों जैसे मलेरिया और डेंगू के लक्षण मान लेते हैं लेकिन इनका प्रभाव शरीर पर अलग तरीके से होता है। चिकनगुनिया होने पर शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या नहीं घटती।
जिले में चिकनगुनिया के दो मरीज आजाद नगर व पुराना हमीदा में मिले हैं। चिकनगुनिया व डेंगू के लक्षण एक जैसे ही हैं। इसलिए बुुखार या अन्य लक्षण होने पर लापरवाही बिल्कुल भी नहीं बरतनी चाहिए। तुरंत डॉक्टर के पास जाकर से उपचार कराना चाहिए। जिले में डेंगू के छह नए केस मिले हैं। कुल मरीज अब 78 हो गए हैं। डेंगू के मरीजों पर नजर रखी जा रही है। लोग अपने घरों के अंदर पानी जमा न होने दें ताकि उसमें मच्छर का लारवा न पनप सके।
-डॉ. सुशीला सैनी, जिला मलेरिया अधिकारी, यमुनानगर।