संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले सात मई से होने वाली मेडिकल स्टोर संचालकों की हड़ताल एक दिन के लिए टल गई है। जिला यमुनानगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी सोमवार को लघु सचिवालय में एसपी गंगाराम पूनिया से मिले और बेमियादी हड़ताल के बारे में बताया। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालक पुलकित की रिहाई के बारे में भी जानकारी जानकारी ली। एसपी से बातचीत के बाद एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल को टाल दिया है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वह पुलकित की जमानत के लिए कोर्ट में याचिका लगाएंगे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वह जमानत का विरोध नहीं करेगी। स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने 16 अप्रैल को भाटिया नगर में क्लीनिक संचालक डॉ. रविंद्र मलिक को लोगों को लड़का होने की दवाई देते हुए पकड़ा था। तब उसके क्लीनिक से कुछ प्रतिबंधित नशीली दवाइयां भी मिली थी।
डॉ. रविंद्र मलिक ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसके क्लीनिक पर प्यारा चौक पर जय मां वैष्णो के नाम से मेडिकल स्टोर संचालक पुलकित प्रतिबंधित नशीली दवाइयां सप्लाई करता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलकित को गिरफ्तार कर लिया था। इसके विरोध में सभी मेडिकल स्टोर संचालकों ने सात मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। जिले में करीब 1800 मेडिकल स्टोर हैं।
जिला यमुनानगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रधान मनजीत शर्मा ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक पुलकित की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैँ। इसके विरोध में 29 अप्रैल को लघु सचिवालय में डीसी से भी मिले थे। तब उन्होंने मामले की जांच का आश्वासन दिया था। वहीं पुलिस ने अभी तक पुलकित को रिहा नहीं किया है। पुलिस ने उसे फंसाया है और उसे जेल भी भेज दिया गया। फिलहाल एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से सात मई से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक दिन के लिए टाल दिया है।