संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान की परीक्षा सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नकल रहित परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर बोर्ड, जिला प्रशासन व जिला शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे। इस दौरान किसी विद्यार्थी को बिना जांच के केंद्र में प्रवेश नहीं किया गया।
परीक्षा के लिए विद्यार्थी समय से पहले पहुंच गए थे। विद्यार्थियों ने केंद्र के बाहर परीक्षा को लेकर चर्चा की। प्रवेश के लिए सबसे पहले विद्यार्थियों प्रवेश पत्र बना क्यूआर कोड स्कैन किया गया, इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। नकल रहित परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात और धारा 163 लागू रही।
ऐसे में पुलिस कर्मियों ने किसी को भी केंद्र के आसपास खड़े नहीं होने दिया। वहीं इसके साथ 10वीं के सभी मूल विषयों की परीक्षा संपन्न हो गई है। अब केवल रिटेल, आईटी, ऑटोमोटिव, बैंकिंग, प्राइवेट सिक्योरिटी, प्लंबिन्ग विषयों की परीक्षा शेष है, जो 19 मार्च को ली जाएगी। वैकल्पिक विषय होने के कारण इसमें विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है।
दूसरी तरफ सामाजिक विज्ञान की परीक्षा को लेकर सुबह विद्यार्थियों में तनाव देखने को मिला। चूंकि यह इतिहास, भूगोल व नागरिक शास्त्र तीनों का संयुक्त विषय है। ऐसे में इसे लेकर विद्यार्थियों में थोड़ा डर देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी सुबह तनाव में तो दिखे, परंतु परीक्षा केंद्रों से खिलखिलाते बाहर निकले। इस दौरान विद्यार्थी बेहद उत्साहित और खुश नजर आए।
विद्यार्थियों ने बताया परीक्षा बेहद अच्छी रही। प्रश्न पत्र बेहद आसान था, जिससे उनकी परीक्षा बेहद अच्छी हुई है।
परीक्षा अच्छी होने से सभी विद्यार्थी खुश हैं। नोडल एवं उपजिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान ने बताया सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। किसी केंद्र पर नकल व उपद्रव का मामला सामने नहीं आया। उड़नदस्तों ने करीब तीन दर्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर केंद्रों पर सभी प्रबंध किए गए हैं।