यमुनानगर। शातिर ठगों ने ट्रेडिंग में पैसे लगाने व विदेश भेजने के नाम पर पुलिसकर्मी कुरुक्षेत्र के छलौंदी गांव निवासी अंकुश कुमार, उसकी पत्नी प्रीति शर्मा व उसके दोस्त नवदीप सिंह के 52 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिसकर्मी अंकुश कुमार यमुनानगर में सिपाही पद पर तैनात है। ठगी का आरोप जिला कुरुक्षेत्र के गांव धुधला निवासी विपिन, जिला करनाल के इंद्री निवासी विशाल बोहरा, ग्राम गांव निवासी जगमोहन, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी अमित कश्यप पर लगा है। गांधी नगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
छलौंदी निवासी प्रीति शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके पति अंकुश कुमार हरियाणा पुलिस में हैं और यमुनानगर में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। उसके पति अंकुश की उसके दोस्त गांव के ही नवदीप सिंह के माध्यम से गांव धुधला निवासी विपिन से मुलाकात हुई थी। उसके पति के दोस्त ने विपिन के माध्यम से फोरेक्स एकेडमी में ट्रेडिंग में काफी पैसा लगाया हुआ था। अप्रैल 2022 में वह, उसका पति अंकुश और पति का दोस्त नवदीप सिंह आरोपी विपिन से चोपड़ा गार्डन में मिले। आरोपी ने उसे बताया कि ट्रेडिंग में पैसा लगाकर वह काफी लाभ ले सकते है। इस तरह आरोपी ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और ट्रेडिंग में उनके 36 लाख रुपये लगवा दिए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें अपने दोस्त विशाल बोहरा, जगमोहन व अमित कश्यप से मिलवाया। आरोपियों ने शुरू में उन्हें ट्रेडिंग में लगाए गए पैसों का लाभ दिया, मगर बाद में उन्हें पैसे देना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कंपनी बंद कर दी। जब वह आरोपियों से मिले तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में आरोपियों ने उन्हें कहा कि उनका विदेश भेजने का भी काम है। वे कुछ दिन बाद उन्हें उनके रुपये लौटा देंगे। यदि उनके रुपये नहीं दिए तो वे उन्हें विदेश भेजकर अच्छा रोजगार दिलवा देंगे।
इस दौरान आरोपियों ने विदेश भेजने के नाम पर बातों में उलझा कर उनसे 16 लाख रुपये ओर ले लिए और उन्हें विदेश भी नहीं भेजा। इस तरह आरोपियों ने ट्रेडिंग में पैसा लगाने व विदेश भेजने के नाम पर उनसे 52 लाख रुपये ऐंठ लिए। अब रुपये वापस मांगने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे है। परेशान होकर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली का कहना है कि चारों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।