यमुनानगर। साइबर ठगों ने रुपये दोगुना करने का लालच देकर प्रोफेसर काॅलोनी निवासी अशोक गुप्ता से 25 हजार रुपये ठग लिए। उन्होंने आरोपियों को कुल 45 हजार रुपये भेजे। जिसमें से 20 हजार रुपये ही वापस आए। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
अशाेक गुप्ता ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अगस्त 2023 में उसके पास अनजान नंबर से फोन आया। जिसने उसे रुपये दोगुना करने का झांसा दिया। ठग ने उसे बातों में उलझाकर कहा कि उनका मर्चेंट खाता है, जिसमें जितने रुपये डालोगे, उसके दोगुने करके वापस दिए जाएंगे। आरोपियों ने शुरूआत में उसे रुपये भेजने के लिए व्हाट्सएप पर स्कैनर और एक रुपया भेजा। ठग ने उसे एक रुपये के बदले में दो रुपये वापस दिए। इस तरह से ठग ने उससे स्कैनर के जरिए 45 हजार रुपये मंगवाए। जिसमें से उसे केवल 20 हजार रुपये ही वापस किए गए। शेष 25 हजार रुपये उसे नहीं मिले। अब आरोपी का नंबर भी बंद आ रहा है। इस शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आमजन से अपील है कि वे अनजान नंबरों से आने वाले फोन पर लेनदेन न करें। रुपये डबल करने जैसी योजनाओं से बचें।