यमुनानगर। साइबर ठगों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर विदेश से आए गिफ्ट की कस्टम ड्यूटी न देने पर जेल जाने का डर दिखाकर भगवती कॉलोनी निवासी ममता रानी से एक लाख 12 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने जब दोबारा एक लाख रुपये मांगे तो महिला को ऑनलाइन हुई इस धोखाधड़ी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर थाना क्षेत्र की भगवती कॉलोनी निवासी ममता रानी ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करती है। जून 2023 में एक इंस्टाग्राम आईडी से उसके पास संदेश आया कि उसका विदेश से ऑर्डर आया हुआ है। इसके बाद उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली एक लड़की थी। उसने कहा कि वह एयरपोर्ट मुंबई से कस्टम अधिकारी बोल रही है। उसका दो दिन से एक ऑर्डर उनके पास आया हुआ है। जो कस्टम में रुका हुआ है। इस ऑर्डर को लेने के लिए कस्टम ड्यूटी के 25 हजार रुपये देने होंगे। कस्टम ड्यूटी के रुपये जमा करवाने के लिए उन्होंने उसे एक खाता नंबर भेजा। आरोपियों की बातों में आकर उसने 22 जून को उस खाते में 25 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद फिर से उसके पास उसी नंबर से फोन आया और कहा कि उनके ऑर्डर में 35 हजार पौंड निकले है। इन्हें छुड़वाने के लिए एंटी लोंडरी सर्टिफिकेट बनवाना होगा। इसके लिए 87 हजार रुपये देने पड़ेंगे। उसने इतने अधिक रुपये नहीं होने की बात कही। तब आरोपी ने कहा कि अब कुछ नहीं हो सकता, ये रुपये तो जरूर जमा करवाने पड़ेंगे। उसने किसी तरह रुपयों का इंतजाम करके 23 जून को आरोपियों के खाते में 87 हजार रुपये भी जमा करवा दिए। इसके बाद आरोपी एक लाख रुपये और जमा करवाने की बात कहने लगे। आरोपियों ने उसे ई-मेल भेजकर कहा कि यदि यह रुपये जमा नहीं कराए तो उसे जेल हो जाएगी। उसने रुपये नहीं होने की बात कहकर उन्हें रुपये नहीं दिए। फिर उसे खुद के साथ ऑनलाइन ठगी होने का पता चला। इस तरह साइबर ठगों ने विदेश से गिफ्ट ऑर्डर आने की बात कहकर उससे एक लाख 12 हजार रुपये की ठगी की। उसने इसकी ऑनलाइन शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।