यमुनानगर। सन एक्सपो फुटबॉल क्लब की ओर से शहर के मुकंद लाल सीनियर सेकेंडरी के मैदान में दो दिवसीय दूसरा ओपन सुपर कप 7-ए फुटबॉल चैंपियनशिप टूर्नामेंट आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी मोहित हांडा ने किया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ व हिमाचल प्रदेश की टीमों के 200 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का पहला मैच रविवार को सोसायटी मास्टर्स एफसी व फ्लाइंग एरो के बीच खेला गया। जिसमें मास्टर्स एफसी ने फ्लाइंग एरो को 3-1 के अंतर से हराया। दूसरे मैच में मिकी मॉडल ने नाहन एफसी को 3-2 से परास्त किया। तीसरे मैच में करनाल ने देहरादून को 1-0 से शिकस्त दी। चौथा मैच में सहारनपुर व सन एक्सपो के बीच हुआ। पांचवां मैच यूके मास्टर्स व चंडीगढ़ टीम के बीच होना था। परंतु चंडीगढ़ की टीम नहीं पहुंची। जिसके बाद यूके मास्टर्स को तीन अंक देकर विजयी घोषित किया गया। छठे मैच में रोहतक ने डीएफए यमुनानगर को 4 -0 से परास्त किया। सातवें मैच में चंडीगढ़ ने कुरुक्षेत्र को 3-1 से शिकस्त दी। पहले दिन के खेल के समापन कार्यक्रम में डेरा बंदा नवाज मुखी मुख्यातिथि रहे। इस दौरान एसपी ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
एसपी मोहित हांडा ने खिलाड़ियों का परिचय लिया और जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पीढ़ी को नशे के गर्त से बचाना है और खेल इसका सरल व सुगम रास्ता है। सबसे बड़ा नशा कामयाबी और बेहतर कार्य करने का होता है और सभी को इस पर ही अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए। प्रतियोगिता में विशिष्ट अतिथि रमन त्यागी, जिला फुटबॉल संघ प्रधान भारत भूषण जुयाल, जिला फुटबॉल संघ के सीनियर उपप्रधान नरेंद्र चुघ व जिला फुटबॉल संघ सचिव राजेश भारद्वाज रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों, किशोरों, युवा, विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी अपने आसपास के लोगों को नशा न करने के लिए प्रेरित करें। प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पंकज चुघ व अभिमन्यु कुमार ने किया। क्लब प्रधान सुखविंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। सुखविंद्र सिंह ने बताया कि इसमें जिले की पांच टीम भाग ले रही हैं। इस मौके पर पार्षद विनोद मरवाह, क्लब सचिव आदित्य कुमार, संजीव दत्ता, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुमित पासी, कोच शुभम, सन्नी सिंह, मयंक जोशी, सुनील कुमार, मोहित द्विवेदी, राजू भाटिया, ओमकार पंडित सहित वरिष्ठ खिलाड़ी व अन्य उपस्थित रहे।