यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर शराब ठेके समेत तीन दुकानदारों के चालान किए और उनसे बरामद पॉलिथीन व डिस्पोजल गिलास जब्त किए। यह कार्रवाई तेजली रोड पर एसआई अमित कांबोज की टीम ने की। इस दौरान निगम की टीम ने दुकानदारों को अपने आसपास सफाई रखने और कचरा डालने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
सआई अमित कांबोज के नेतृत्व में एएसआई सचिन कांबोज, होमगार्ड के जवान और अन्य कर्मचारियों की टीम तेजली रोड पर पहुंची। यहां निगम की टीम ने सबसे पहले मीट विक्रेता की दुकान पर दबिश दी। जांच में यहां से भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद की गई। जिसका मौके पर चालान किया गया। इसके बाद तेजली रोड पर एक किराना दुकानदार की दुकान से पॉलिथीन मिली।
निगम अधिकारियों ने मौके पर उसका चालान किया और बरामद पॉलिथीन को जब्त किया। निगम की टीम इसके बाद तेजली स्टेडियम के नजदीक बने शराब ठेके पर पहुंची। यहां जांच के दौरान भारी मात्रा में डिस्पोजल गिलास मिले। ये डिस्पोजल गिलास प्रतिबंधित है। सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज ने ठेके से बरामद प्रतिबंधित डिस्पोजल गिलास जब्त किए और उसका चालान किए। इस दौरान उन्होंने सभी को अपने आसपास सफाई रखने, खुले में कचरा न डालने, सूखा व गीला कचरा अलग अलग एकत्रित कर उसे निगम के वाहन में डालने के लिए जागरूक किया।