साढौरा। रसूलपुर गांव के सनातन धर्म मंदिर के दानपात्र को तोड़कर चोर नकदी चोरी कर ले गया। सरपंच प्रतिनिधि सतीश गुलाटी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सतीश गुलाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंदिर के पुजारी लक्ष्मी दत्त मठानी इन दिनों बाहर गए हुए हैं। पुजारी के बेटे पवन ने वीरवार दोपहर मंदिर के मुख्य गेट को तार से बांधकर बंद किया था। करीब दो घंटे बाद वापस लौटने पर मुख्य गेट के साथ मंदिर के अंदर के दरवाजे भी खुले मिले। जांच करने पर मंदिर में रखा दानपात्र टूटा था और उसमें रखी नकदी गायब मिली।
विज्ञापन
ग्रामीणों की जांच में मंदिर से सटी दुकान के सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई है। बताया गया कि युवक दुकान से माचिस और ब्लेड खरीदता दिखाई दे रहा है। यही माचिस और ब्लेड मंदिर में दानपात्र के पास से मिले हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि युवक का चोरी की वारदात से संबंध हो सकता है।
पुजारी के लौटने के बाद ही दानपात्र में रखी राशि का पता चल सकेगा। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले रसूलपुर के रविदास मंदिर के दानपात्र को भी चोर उखाड़ कर ले गए थे। हालांकि ताला नहीं टूटने से नकदी बच गई थी। साढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।