यमुनानगर। चोरों ने दो घरों व मंदिर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी, जेवर व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने तीनों मामलों की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी धीरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 14 अप्रैल को घर का ताला लगाकर परिवार के साथ गुरुग्राम गया था। रात दस बजे जब वह वापस लौटे तो घर का लगा ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से डेढ़ लाख रुपये, मंगलसूत्र, सोने के कोके, पाजेब व अन्य गहने व सामान गायब था। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
उधर, साढौरा निवासी अनुज कुमार ने बताया कि बुधवार को शाम चार बजे उसकी मां घर का ताला लगाकर दवाई लेने के लिए गई थी। शाम को जब वह वापस लौटी तो घर का लगा ताला टूटा हुआ था और घर में रखी अलमारी खुली पड़ी थी। जांच करने पर अलमारी से 20 हजार रुपये, मंगलसूत्र, सोने का हार व अंगूठी गायब थी। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
वहीं, मार्डन कॉलोनी निवासी भगवती प्रसाद गिरी ने बताया कि वह गिरी मंदिर का पुजारी है। रात को वह मंदिर का ताला लगाकर मंदिर के साथ बने अपने घर में सोने के लिए चला गया था। सुबह पांच बजे जब वह मंदिर में आया तो उसने देखा कि मंदिर में रखा गुल्लक टूटा हुआ है। जांच करने पर गुल्लक से करीब 20 हजार रुपये की दानराशि गायब मिली।