यमुनानगर। शहर की न्यू हमीदा कालोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये की नकदी तथा लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी ललित मुखीजा ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ छह मार्च को सुबह आठ बजे घर का ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। आठ मार्च को जब वह वापस लौटे तो घर का लगा ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से 35 हजार रुपये, पर्स में रखी दो जोड़े टॉप्स, एक तोला सोने के आभूषण, चार जोड़ी पायल, दो कड़े व अन्य आभूषण गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये है। उसमें चोरी की सूचना पुलिस को दी। संवाद
-
राइस मिल से धान की 50 बोरियां चोरी
साढौरा निवासी इकबाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गौशाला रोड पर उसका राइस मिल है। चोरों ने सात मार्च की रात को राइस मिल में घुसकर वहां से 50 बोरी धान की चोरी कर ली। चोरी हुई धान की कीमत 45 हजार रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। संवाद