संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। चोरों ने इस्माइलपुर व शामपुर गांवों में दो मकानों के ताले तोड़कर नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। शामपुर गांव निवासी अमरीक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को वह काम पर गया था और उसकी पत्नी घर का ताला लगाकर आंगनबाड़ी केंद्र पर चली गई थी। जब वह दोपहर घर पहुंची तो ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व 20 हजार रुपये गायब थे।
दूसरे मामले में इस्माइलपुर गांव निवासी राजबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका मकान गांव से बाहर साढौरा मार्ग पर है। 25 सितंबर सुबह पत्नी ललिता पढ़ाने के लिए स्कूल में चली गई थी। उसका बेटा मुलाना कॉलेज चला गया। जब वह दोपहर वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला खुला था व गेट अंदर से बंद था। चहारदीवारी फांदकर अंदर गया तो देखा कि कमरे के दरवाजे पर लगा ताला टूटा है। पत्नी ललिता को फोन कर बुलाया। ललिता ने घर आकर सामान जांचा तो पाया कि अलमारी में रखी दो चांदी की चेन, दो चांदी के कड़े, दो सोने की अंगूठियां व 20 हजार की नकदी चोरी है।