संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बहरामपुर गांव के पास कार सवार पांच युवकों ने गांव लापरा निवासी गुलफान उर्फ बाबू के साथ मारपीट कर उससे सात हजार रुपये व एप्पल का आईफोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी हथनीकुंड बैराज के पास उसे सुनसान स्थान पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गुलफान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार दोपहर को अपने दोस्त सादिक के साथ बाइक से अपने घर जा रहा था। जब वह बहरामपुर चौक के पास पहुंचे तो कार में सवार होकर बहरामपुर निवासी नीरज, शिवम, अनिकेत व दो अन्य युवक आए। आरोपियों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर उन्हें नीचे गिरा दिया।
इसके बाद आरोपी उसे कार में डालकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने उससे मारपीट की। आरोपी उसे हथनीकुंड बैराज के पास लेकर गए। आरोपी उसे लूटकर हथिनीकुंड बैराज में फेंकने की बात कर रहे थे, लेकिन वहां पर कुछ लोगों को देखकर आरोपी उसे सुनसान स्थान पर गिरा कर फरार हो गए।
जब उसे होश आया तो उसकी जेब से सात हजार रुपये व एप्पल का फोन गायब मिला। उसने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपियों को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।