संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। प्रतापनगर के एक निजी स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही वैन के नीचे आने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी चालक पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
थाना प्रतापनगर पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्ची की मां सोनिया ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपने दो बच्चों साढ़े तीन वर्षीय बेटी मिस्टी व पांच वर्षीय बेटे लविश का दाखिला प्रतापनगर स्थित शिवालिक स्कूल में करवाया था। पहली अप्रैल से बच्चे स्कूल जाने शुरू हुए थे। शुक्रवार दोपहर स्कूल की वैन आई जिसमें परिचालक नहीं था, केवल चालक था।
उसने छोटे बच्चों को सड़क पर ही उतार दिया और लापरवाही से वैन को स्टार्ट रखा व बैक गियर लगा दिया जिससे तीन बच्चे बस के नीचे आ गए। मौका पर खड़ी महिला ने दो बच्चों को मौका पर खींच लिया जबकि उनकी बेटी मिस्टी टायर के नीचे आ गई जिससे मौका पर ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शिवालिक स्कूल व चालक की सबसे बड़ी लापरवाही है।
छोटे बच्चों के साथ परिचालक होना जरूरी है लेकिन यहां केवल चालक ही छोटे बच्चों को ला और ले जा रहा है। इस बारे में थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि मृतक बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी स्कूल की वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।