मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में रूप नगर कॉलोनी निवासी संगीता के कानों से सोने की बालियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। रूप नगर कॉलोनी निवासी संगीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को शहर के दशहरा ग्राउंड में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जनसंवाद कार्यक्रम था। वह भी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दशहरा ग्राउंड में आई थी। कार्यक्रम के बाद नगर निगम द्वारा रिफ्रेशमेंट बांटी जा रही थी। वह भी रिफ्रेशमेंट लेने लगी। रिफ्रेशमेंट लेने के बाद जब वह घर जाने लगी तो उसे अपने कानों से सोने की बालियां गायब मिली। उसकी आधा तोले सोने की बालियां थी जो चोरों ने चोरी कर ली। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।