स्वर्ण मंदिर परिसर में श्री गुरु रामदास सराय में सेवादारों पर हुए हमले के तार यमुनानगर से जुड़े हैं। यमुनानगर के शादीपुर गांव निवासी जुल्फान ने लोहे की रॉड से हमला कर पांच लोगों को घायल किया था। जिसके बाद आरोपी को उसके सहयोगी के साथ काबू किया गया। पंजाब पुलिस की सूचना के बाद यमुनानगर पुलिस ने भी इसकी जांच शुरू कर दी। थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने गांव के पहुंचकर जुल्फान के बारे में जानकारी। उधर, परिजनों का कहना है कि जुल्फान दो दिन पहले पीलिया की दवा लेने के लिए गया था।
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर स्वर्ण मंदिर परिसर में स्थित रामदास सराय में एक युवक ने लोहे के पाइप से हमला कर दिया था। वारदात में पांच लोग घायल हुए थे। जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पंजाब पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया था। इनमें एक आरोपी जुल्फान यमुनानगर के शादीपुर गांव का रहने वाला है। पंजाब पुलिस ने यमुनानगर पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना यमुनानगर की पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने जुल्फान के घर पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। जुल्फान के भाई इमरान का कहना है कि जुल्फान बोरिंग करने का काम करता है। वह काफी समय से पीलिया की बीमारी से पीड़ित है। दो दिन पहले वह दवा लेने के लिए मुलाना गया था। लेकिन, वह अमृतसर कैसे पहुंचा और वहां पर क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। उधर, घटना के बाद ग्रामीण भी हैरान है। ग्रामीणों का कहना है कि जुल्फान साफ छवि का युवक है। लेकिन, वह अमृतसर कैसे पहुंचा इस बारे कोई भी जानकारी नहीं है।
उधर, एसएचओ सदर थाना यमुनानगर दलीप सिंह का कहना है कि पंजाब पुलिस की सूचना पर गांव में पहुंचकर जुल्फान के पते को तस्दीक किया था। जुल्फान के बारे में जानकारी जुटाई गई है। जिससे पंजाब पुलिस को भी अवगत करा दिया गया है।