संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। अंटारी गांव के पास स्थित शिव मंदिर के महंत मामचंद गिरी द्वारा मंदिर परिसर में खड़े आम के पेड़ से युवकों को कच्चे आम तोड़ने से मना करने पर महंत की दाढ़ी नोचने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व जातिसूचक शब्द बोलने के आरोप में पुलिस ने इसी गांव के दो युवकों के अलावा तीन-चार अन्य युवकों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
महंत मामचंद गिरी ने बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में बने डेरे में कई बार श्रद्धालु आकर बैठ जाते है। श्रद्धालुओं को समयानुसार चाय व खाना खिलाकर भेजा जाता है। महंत का आरोप है कि वह 20 जून को मंदिर परिसर में बैठा था।
सुबह 11 बजे के करीब गांव अंटारी के दो युवकों के साथ अन्य तीन चार युवक आए। इन युवकों ने आते ही मंदिर परिसर में खड़े आम के पेड़ से कच्चे आम तोड़ने शुरू कर दिए। मना करने पर गुस्साए युवकों ने उसकी दाढ़ी को नोचने के अलावा मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्द बोले व जान से मारने की धमकी दी।
एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि महंत मामचंद गिरी की शिकायत पर दाढ़ी नोचने, मारपीट करने, जातिसूचक शब्द बोलने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गांव के ही दो युवकों के अलावा तीन-चार अन्य के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।