संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। महिला ने फाइनेंसर राजिंद्र कुमार पर उधार लिए रुपये मांगने पर मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पुलिस पर भी मामले में कार्रवाई न करने का आरोप है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। इसके बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजिंद्र पर केस दर्ज किया है।
शिकायत में जोगिंद्र नगर निवासी गुरप्रीत कौर ने बताया कि हरबंसपुरा कॉलोनी निवासी राजिंद्र कुमार फाइनेंस व कमेटी डालने का काम करता है। कुछ माह पहले उनके पड़ोसी ने आरोपी से उसे मिलाया था। आरोपी ने उसे कहा था कि वह फाइनेंस व कमेटियां डालने का काम करता है। इसमें निवेश कर वह भी अच्छा मुनाफा कमा सकती है।
आरोपी की बातों में आकर उसने उसके पास कमेटी डाल दी। 15 फरवरी को मेरी बेटी की शादी होनी थी। शादी से पहले आरोपी ने उसे बातों में लगाकर उससे 50 हजार रुपये ले लिए और 15 फरवरी से पहले मुनाफे समेत रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। आरोपी 27 जनवरी को उसके घर पर आया और उसे कहने लगा कि उसके पास रुपये नहीं है।
इस बात को लेकर उसकी आरोपी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि तब आरोपी ने उससे मारपीट की। उससे अभद्रता की। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में वह शादी में व्यस्त हो गई। बाद में उसने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी।