संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कर्मचारियों के पीएफ में गड़बड़ी के आरोप में शहर थाना पुलिस ने बल्लारपुर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पेपर मिल) के एमडी आरआर वडेहरा और जीएम अतुल शर्मा पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कर्मचारी भविष्य निधि के प्रवर्तन अधिकारी एवं सह-भविष्य निधि निरीक्षक अनिल कुमार की शिकायत पर की है। आरोप है कि पेपर मिल द्वारा कर्मचारियों के वेतन से पीएफ काट लिया, लेकिन यह पीएफ कर्मचारी भविष्य निधि में जमा नहीं करवाया। जांच में लगभग 2.96 करोड़ पीएफ की गड़बड़ी मिली है। हालांकि अभी पेपर मिल बंद है। उसका दिवालिया निकला हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कर्मचारी भविष्य निधि के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मैसर्स बल्लारपुर इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर्मचारी भविष्य निधि विविध प्रावधान अधिनियम 1952 के तहत कर्मचारियों को कवर किया गया एक प्रतिष्ठान है। उन्हें पता चला था कि पेपर मिल द्वारा कर्मचारियों के वेतन से पीएफ काटा जा रहा है, लेकिन यह पीएफ कर्मचारी भविष्य निधि के कार्यालय में जमा नहीं कराया जा रहा है। जिसके बाद उन्होंने पेपर मिल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अप्रैल 2019 से दिसंबर तक कर्मचारियों का पीएफ फंड काटा गया, लेकिन उसे पीएफ आफिस में जमा नहीं कराया। यह फंड दो करोड़, 96 लाख, 62 हजार, 899 रुपए बनता है। आरोप है कि कर्मचारियों के वेतन से पीएफ का फंड काटकर उसे आगे जमा न कराकर कर्मचारियों के साथ आपराधिक विश्वासघात किया है। पीएफ आफिस में इसको लेकर लंबी जांच चली। जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद एसपी को शिकायत दी गई। इस शिकायत पर शहर पुलिस ने अब पेपर मिल के एमडी व जीएम पर केस दर्ज किया है।
कर्मचारियों ने की थी पीएफ ऑफिस में शिकायत
उधर, पेपर मिल कर्मचारियों का कहना है कि पेपर मिल बंद होने के बाद जब उन्हें पता चला कि उनका पीएफ उनके वेतन से तो काटा गया, लेकिन पीएफ खाते में जमा नहीं कराया तो इसको लेकर पीएफ ऑफिस में शिकायत दी थी। जिस पर जांच हुई और अब पीएफ ऑफिस की ओर से ही शिकायत दी कराई गई है।
कोरोना के समय में बंद हो गया था पेपर मिल
पेपर मिल के जिस जीएम और एमडी पर केस दर्ज हुआ है ये पुरानी मैनेजमेंट के हैं। हालांकि जब के जीएम अतुल इन दिनों मिल में यूनिट हैड हैं। कोरोना के समय पेपर मिल बंद हो गया था। कंपनी दिवालिया होने के बाद इस यूनिट को नीलाम कर दिया गया। अब मिल को किसी और कंपनी ने ले लिया है। हालांकि अभी भी मिल बंद है।
शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि मामले में कर्मचारी भविष्य निधि के अधिकारियों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।