प्रतापनगर। नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्री वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रविवार शाम प्रतापनगर बस स्टैंड के पास सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री के ढेर पर चढ़ने के बाद एक मारुति कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे निर्माण शुरू होने के बाद से सड़क के दोनों ओर टाइल, बजरी और अन्य सामग्री जगह-जगह पड़ी हुई है। इसके अलावा सड़क की खुदाई से निकली मिट्टी भी कई स्थानों पर जमा है। इससे वाहन चालकों को सड़क पर आवागमन में दिक्कत होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
रविवार को हादसे के समय सामने से कोई बड़ा वाहन नहीं आने के कारण बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी से निर्माण सामग्री हटाने, मिट्टी साफ करवाने और सड़क किनारे सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।