प्रतापनगर। क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास सड़क पर अचानक पशु आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों में से एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक की पहचान टिब्बी अराइयां गांव निवासी राकीब (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
प्रतापनगर थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि बुधवार रात टिब्बी अराइयां गांव निवासी राकीब, रमजान और गुरचरण अपनी स्विफ्ट कार में प्रतापनगर आए थे। फास्ट फूड खाने के बाद तीनों दोस्त रात लगभग 12 बजे अपने घर वापस लौट रहे थे। बहलोलपुर गांव के पास उनकी कार के सामने अचानक से कोई पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरा गई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में राकिब की मौके पर ही मौत हो गई और रमजान व गुरचरण गंभीर रूप से घायल रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक राकीब के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है।