संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। साढौरा-कालाआंब मार्ग पर गांव महमदपुर मोड़ के पास सोमवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट कर कार के ऊपर जा गिरा। हादसे में 24 वर्षीय कार मैकेनिक पम्मूवाला निवासी इमरान की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार इमरान रसूलपुर में कार रिपेयरिंग की दुकान करते थे सोमवार को उन्होंने एक स्विफ्ट डिजायर कार की मरम्मत की थी। मरम्मत का काम पूरा करने के बाद वह कार की ट्रायल लेने के लिए साढौरा की ओर गए थे। ट्रायल के बाद वह वापस लौट रहे थे। महमदपुर मोड़ से आगे पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में चली गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अनियंत्रित कार पहले सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से टकराई। इसके बाद कार बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के कारण पोल टूट कर कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इमरान उसके अंदर फंस गया। हादसे के बाद मार्ग से गुजर रहे राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।
लोगों ने कार में फंसे इमरान को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सीएचसी साढौरा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र ने बताया की हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
साढौरा से कालाआंब मार्ग पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार। पाठक