प्रतापनगर। लाल ढांग-कलेसर के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गहरे गड्ढों से अनियंत्रित होकर करनाल से पांवटा जा रही एक कार पेड़ से जा भिड़ी। इसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। तेज टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान करनाल निवासी वीर सिंह, देवेंद्र तथा राजकुमार निवासी के रूप में हुई है। तीनों सोमवार सुबह धार्मिक यात्रा पर पांवटा की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार लाल ढांग क्षेत्र के पास पहुंची तो सड़क पर बने गहरे गड्ढे अचानक सामने आ गए। वाहन चालक ने गड्ढ़ों से बचाने का प्रयास किया तो कार अनियंत्रित हो गई। असंतुलन कार सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर से तीनों लोग कार में फंस गए और गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। हादसे के वक्त हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए अवरुद्ध रहा। लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, इसके बाद घायलों को समीपस्थ स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। राहगीरों ने बताया कि लाल ढांग और कलेसर के बीच हाईवे पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। कई गड्ढों की गहराई इतनी अधिक है कि दोपहिया और छोटे वाहन अचानक फिसलने या उछलने लगते हैं, जिसके दुर्घटना की आशंका रहती है।