यमुनानगर। पांवटा साहिब रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी के सामने वीरवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
गंगानगर कॉलोनी निवासी गुलशन ने बताया कि वह निजी काम से छछरौली जा रहा था। जैसे ही वह सरस्वती विद्या मंदिर के पास पहुंचा, कार के बोनट से धुआं उठता दिखाई दिया। उसने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और बोनट खोला, लेकिन अचानक आग की लपटें तेज हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। पास के स्कूल से पानी की बाल्टियां भरकर लाए गए और अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चालक का आरोप है कि दमकल विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई वाहन नहीं पहुंचा। घटना के बाद लोगों में दमकल व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।