संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता व्याख्यान करवाया गया। कार्यक्रम महिला प्रकोष्ठ व डीन विद्यार्थी कल्याण परिषद की ओर से करवाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्राचार्या डॉ. करुणा, पूनम गर्ग व कैंसर योद्धा एवं बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा आस्था वालिया रहीं। आस्था वालिया ने कैंसर संबंधी निजी अनुभव विद्यार्थियों व अन्य सभी से साझा किए।
आस्था ने कैंसर से पीड़ित होने पर उन्हें होने वाली परेशानी, मानसिक स्थिति, परिवार का सहयोग सहित पेश आई अन्य समस्याओं के बारे बताया। आस्था ने बताया की हमें कभी किसी भी बीमारी से सामना करना पड़ सकता है। उस समय धैर्य, मानसिक संतुलन व चिकित्सीय निर्देशानुसार सही खानपान व स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
डॉ. करुणा ने कहा कि जीवन अमूल्य है और जीवन बहुत अनिश्चितताओं से भरा हुआ है। कैंसर एक जानलेवा बीमारी है और देश में हर साल नौ से दस लाख लोगों की मृत्यु लीवर, किडनी या ब्रेस्ट कैंसर से हो रही है। परंतु समय रहते इलाज, परिवार का सहयोग व दृढ़ इच्छाशक्ति से इसे पराजित किया जा सकता है।
शुभारंभ डॉ. राखी ने कैंसर की जानकारी देकर किया। छात्र कल्याण परिषद प्रभारी पूनम गर्ग ने कहा कि कैंसर से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सही समय पर इसका निरीक्षण जरूरी है। हमें अपने जीवन के कुछ क्षण अध्यात्म व ध्यान की ओर देना चाहिए। डॉ. करुणा ने आपसी प्रेम, सौहार्द से अपना जीवन व्यतीत करने की सलाह दी। इस दौरान डॉ. अमृत कौर, अभय आदि मौजूद रहे।