यमुनानगर/प्रतापनगर। कैलिफोर्निया के कामपरान में रह रहे कलेसर निवासी शक्ति सिंह ने मैसेंजर कॉल करके दमोपुरा की सरपंच के पति बलराम और प्रताप नगर के कपड़ा व्यापारी नीलम जैन से 50-50 लाख रुपये की डिमांड की है। फिरौती न देने पर आरोपी ने देसी कट्टे के साथ कुछ युवकों को भेज सरपंच प्रतिनिधि व कपड़ा व्यापारी को धमकाया। दोनों ने इसकी शिकायतें संबंधित थाना पुलिस को दी। बुड़िया थाना पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि व प्रतापनगर पुलिस ने कपड़ा व्यापारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शक्ति सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी शक्ति सिंह पर कुछ दिन पहले प्रतापनगर के ही एक भाजपा कार्यकर्ता व अग्रवाल समाज को फेसबुक पर अपशब्द कहने का आरोप लगाया गया था।
पहला केस
रात 12 बजे आई थी मैसेंजर कॉल, बोला, मेरे बंदे आएंगे, 50 लाख का इंतजाम रखना
दमोपुरा की निवर्तमान सरपंच पति सुनीता के पति बलराम ने बुड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात मई की रात लगभग 12 बजे उसके पास मैसेंजर एप के द्वारा एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा वह शक्ति सिंह बोल रहा है। इस दौरान आरोपी ने उसको काफी अपशब्द कहे। शनिवार को दोपहर लगभग 1.26 बजे दोबारा विदेशी नंबर से कॉल आई और कहने लगा कि आजकल तू सट्टे से बहुत पैसे कमा रहा है। इसलिए मेरे बंदों को 50 लाख रुपये देने का इंतजाम कर लेना। किसको देने हैं यह बाद में बताएगा। इसके बाद 1.35 बजे उसके पास फिर कॉल आई, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। तीन मिनट बाद 1.38 बजे आरोपी की फिर कॉल आई और कहा कि आज शाम तक पैसों का इंतजाम कर लेना और फोन करके बता देना कि पैसा तैयार हो गया है, नहीं तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। लेकिन उसने आरोपी शक्ति सिंह को कोई कॉल नहीं की।
बलराम ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे वह अपनी कार में सवार होकर बीकेडी रोड से होते हुए भूड़कला जा रहा था। जैसे ही वह खदरी और तेलीपुरा गांव के बीच में पहुंचा तो उसके पीछे से एक गाड़ी आई। गाड़ी में चार व्यक्ति सवार थे। जिनके हाथ में देसी कट्टे थे। उन्होंने मुंह पर कपड़े लपेटे हुए थे। उसके बराबर में गाड़ी लगाकर आरोपी उसे कहने लगे कि शक्ति सिंह का काम नहीं किया। डर के मारे उसने अपनी कार तेज गति से चलाई। इसके बाद वह प्रतापनगर से होते हुए बुड़िया थाना पहुंचा और शिकायत दी। सरपंच प्रतिनिधि बलराम ने बताया कि आरोपी शक्ति सिंह ने पहले भी उसे फेसबुक पर गालियां दी थी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। वह उसे सट्टे के काम का झूठा आरोप लगा रहा है। फेसबुक पर उसकी बदनामी कर रहा है। सरपंच प्रतिनिधि बलराम ने आरोपी शक्ति सिंह के साथ फेसबुक संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है। जांच अधिकारी बुड़िया थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद का कहना है कि आरोपी शक्ति सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आईटी सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
केस 2
देसी कट्टा निकालकर बोले आरोपी, शक्ति सिंह ने 50 लाख का इंतजाम करने को बोला है
प्रताप नगर निवासी नीलम कुमार जैन ने बताया कि उसकी प्रताप नगर बस स्टैंड के पास कपड़े की दुकान है। वह यहां पर पिछले 28 सालों से काम कर रहा है। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने घर से दवाई लेने के लिए मेडिकल स्टोर जा रहा था। रास्ते में विरेंद्र मोहन विद्या मंदिर स्कूल के पास पहुंचा तो सामने से कार में सवार तीन व्यक्ति आए। उन्होंने मुंह पर मास्क लगाए हुए थे। एक व्यक्ति ने हाथ बाहर निकालकर उसे रुकवाया और देसी कट्टा निकालकर धमकी देते हुए कहा कि यह शक्ति नंबरदार का एरिया है और वे शक्ति सिंह के आदमी हैं। शक्ति नंबरदार ने कल शाम तक 50 लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा है। वह उसे कल शाम को फिर मिलेंगे, यदि शाम तक पैसे नहीं दिए और पुलिस में रिपोर्ट की तो उसके दोनों बेटों को खत्म कर देंगे। नीलम जैन ने शिकायत में बताया कि कार में मास्क लगाए बैठे व्यक्तियों ने उससे कहा कि वह आजकल नशे का धंधा कर बहुत पैसे कमा रहा है। उसमें से शक्ति सिंह का हिस्सा निकाल दो। यहां शक्ति की चलती है। इस पर उसने उनको कहा कि वह कोई गलत काम नहीं करता। जिस पर कार में बैठे व्यक्ति ने कहा कि ज्यादा बकवास की तो उसे गोली मार दी जाएगी। वह कल शाम तक उससे मिलने को कहकर वहां से चला गया। प्रतापनगर थाना प्रभारी बलराज सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश कर रहे है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।