संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी की ओर से कपालमोचन में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। शिविर ब्रिगेडियर रोहित सहगल, वीएसएम, ग्रुप कमांडर अंबाला ग्रुप एनसीसी के मार्गदर्शन और कर्नल पंकज पारीक, कमांडिंग ऑफिसर के नेतृत्व में चल रहा है। इसमें 12 शिक्षण संस्थानों के करीब 450 एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आधुनिक युद्ध में ड्रोन के उपयोग विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र हुआ। सीएचएम जसविंदर सिंह ने कैडेटों को आधुनिक युद्ध में ड्रोन की उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने निगरानी, टोही और खुफिया जानकारी एकत्र करने सहित सैन्य अभियानों में ड्रोन की भूमिका समझाई।
वहीं सीएचएम मुकेश की देखरेख में कैडेटों को फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें हथियारों के सुरक्षित संचालन, फायरिंग तकनीक, सुरक्षा नियमों और रेंज पर अनुशासन की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान गणतंत्र दिवस शिविर-2027 के लिए अंबाला ग्रुप एनसीसी दल का चयन भी किया गया। कैडेटों की ड्रिल, अनुशासन, वर्दी एवं टर्नआउट, शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास और एनसीसी कौशल का मूल्यांकन किया गया। शिविर में कैप्टन मनदीप, डॉ. लेफ्टिनेंट जोशप्रीत सिंह, कैप्टन निर्मल सैनी, कैप्टन गीतू खन्ना, फर्स्ट ऑफिसर अंजू गंभीर, सीटीओ अमित, तरनदीप कौर आदि मौजूद रहे।