संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वयं सहायता समूह महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। इससे जुड़कर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर हो रही, साथ ही अच्छी कमाई भी कर रही हैं। महिलाएं अपने परिवार चलाने में आर्थिक रूप से सहयोग कर रही हैं।
जगाधरी अनाज मंडी में अटल किसान-मजदूर कैंटीन का संचालन किया जा रहा है। इस कैंटीन को स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं चला रही हैं। यहां आठ महिलाएं कार्य कर रही हैं। इनमें एक महिला कुंतेश को कैंटीन का प्रधान बनाया गया है। कैंटीन में सुबह व दोपहर का भोजन तैयार किया जाता है।
भोजन की थाली की लागत 25 रुपये होती है, जिसमें से 15 रुपये मार्केट कमेटी की ओर से सब्सिडी के रूप में दिए जाते हैं, और किसान-मजदूर को सिर्फ 10 रुपये देने पड़ते हैं। कैंटीन की प्रधान कुंतेश ने बताया कि यहां नरेश, रीना, वीना, रेखा, रक्षा, उषा, बाला महिलाएं कार्य कर रही, जोकि अलग-अलग गांव से आती हैं। एक समय था जब उनके पास कोई रोजगार नहीं था, तब वे इस समूह से जुड़ीं।
शुरूआत में दिक्कत आई, इसके बाद कैंटीन कैसे चलानी और कैसे सामान को मंगवाना के बारे में धीरे-धीरे पता चल गया। कैंटीन में महिलाएं एक परिवार की तरह कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इन कैंटीनों का संचालन हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से किया जाता है, जिन्हें ट्रेनिंग भी दी जाती है।