जगाधरी लक्कड़ मंडी से घर लौट रहे आढ़ती अमित सूद से तीन युवकों ने शुक्रवार देर रात त्यागी गार्डन के पास ढाई लाख रुपये लूट लिए। आढ़ती जब हाईवे के मोड़ पर पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने आढ़ती को रोका और डंडे से सिर पर वार किए। युवक आढ़ती का नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में दो लाख पैंतालीस हजार रुपये थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ फर्कपुर और गांधी नगर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। घायल आढ़ती को अस्पताल पहुंचाया गया। अभी पॉश कॉलोनियों और दुकानों में चोरी का सिलसिला थमा नहीं था कि लूट ने फिर एक बार पुलिस की मुश्किल बढ़ा दी है।