यमुनानगर। किसान आंदोलन के चलते लगातार तीसरे दिन हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो से पंजाब के पटियाला, अमृतसर व जम्मू के कटरा रूट बंद रहे। जबकि चंडीगढ़ की बसें दूसरे दिन भी वाया पंचकूला, अंबाला की कुछ बसें वाया शाहाबाद और दिल्ली की बसें वाया सोनीपत नरेला बॉर्डर के रास्ते चलाई गईं। इस तरह डिपो के तीन रूट बंद और तीन डायवर्ट रहे।
हरियाणा और पंजाब के किसान संगठनों द्वारा 13 फरवरी के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद से दिल्ली बॉर्डर, पंजाब-हरियाणा के शम्भू बॉर्डर सहित अन्य रास्तों पर सख्ती बढ़ा दी गई। इसके चलते रविवार को ही यमुनानगर डिपो से पंजाब के अमृतसर, पटियाला और जम्मू के कटरा रूट बंद कर दिए गए। साथ ही सोमवार से चंडीगढ़ के लिए बसें वाया पंचकुला चलाई जा रही हैं। मंगलवार को अंबाला के लिए कुछ बसों को वाया शाहाबाद चलाना पड़ा और दिल्ली के लिए भी वाया सोनीपत बहालगढ़ मोड़ से नरेला बॉर्डर के रास्ते बसें चलाई गईं।
-
यमुनानगर डिपो से किस रूट पर बसों के कितने समय:-
रूट - समय
पटियाला - 1
अमृतसर - 1
कटरा - 1
चंडीगढ़ - 17
अंबाला - 25
दिल्ली - 26 (पांच एसी, 21 साधारण)
-
पंजाब, जम्मू जाने को रेलवे स्टेशन पहुंचे लोग-
पंजाब व जम्मू जाने के लिए हरियाणा रोडवेज बस का विकल्प न देख यमुनानगर बस स्टैंड से काफी लोग यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। साथ ही कई लोग पंजाब व जम्मू जाने का कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं या अपने निजी वाहनों और टैक्सी के सहारे जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन पहुंचे हरीश व अनिता ने बताया कि अमृतसर में 14 फरवरी को विवाह समारोह है। बस स्टैंड पहुंचने पर पता चला कि तीन दिन से किसान आंदोलन के चलते अमृतसर, पटियाला रूट बंद है, इसलिए ट्रेन से जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं।
-
अंबाला, चंडीगढ़, दिल्ली की बसों ने कराया इंतजार
अंबाला, चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए डायवर्ट रूटों से सुबह तो बसें समय से चलीं पर वापसी के बाद दूसरे फेरे में निर्धारित समय से देरी से चलीं। इसलिए बस स्टैंड पर तीनों रूटों के यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। बस स्टैंड पहुंचे राधेश्याम ने बताया कि अंबाला जाना है पर 20 मिनट से बस नहीं आई। ऐसे ही दिल्ली जाने के लिए पहुंचे सन्नी ने बताया कि पौन घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं।
-
वर्जन-
तीसरे दिन भी पंजाब के अमृतसर, पटियाला और जम्मू के कटरा रूट को बंद रखा गया। चंडीगढ़ वाया पंचकुला और अंबाला की कुछ बसें वाया शाहाबाद और दिल्ली की बसें वाया सोनीपत बहालगढ़ मोड़, नरेला बॉर्डर से चलाई गईं।- भीम सिंह, ड्यूटी इंस्पेक्टर, यमुनानगर डिपो।
-