संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एसपी आवास से चंद कदम दूर बाइक सवार तीन बदमाश शॉपिंग मॉल पर फायरिंग कर भाग गए। वारदात मॉडल टाउन के नेहरू पार्क रोड पर रविवार रात हुई। ऐसा कर एक बार फिर बदमाशों पुलिस को खुली चुनौती दी है। सूचना पाकर एसपी कमलदीप गोयल सहित सीआईए व अन्य जांच एजेंसियां पहुंची। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले गए, वहीं मॉल पर मौजूद स्टाफ से पूछताछ की।
थाना शहर यमुनानगर क्षेत्र के पाश इलाके मॉडल टाउन स्थित बरनाला शॉपिंग मॉल के बाहर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर तीन बदमाश आए। उन्होंने आते ही मॉल के बाहर फायरिंग की और फिर मौक से भाग गए। यहां पार्क व आसपास रेस्तरां व स्ट्रीट फूड पर रविवार की छुट्टी के चलते काफी भीड़ थी, उसके बीच भी बदमाश फायरिंग कर गए।
एसपी आवास से चंद कदम की दूरी फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए, जिसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फायरिंग मॉल के बाहर पिस्टल का मुंह धरती की तरफ कर की गई, जिससे प्रतीत होता है कि वारदात का मकसद केवल दहशत फैलाना रहा।
बाद में सामने आया कि काफी समय पहले मॉल संचालक से काला राणा गैंग ने रंगदारी मांगी थी, उसी से यह फायरिंग की वारदात जोड़कर देखी जा रही है। थाना शहर प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे है। सीसीटीवी जांच रहे हैं। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से बात कर रहे है। इसमें शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएंगे। मामले की तफ्तीश जारी है।
मॉल के बाहर फायरिंग के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद
मॉल के बाहर फायरिंग के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद