संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। चेन्नई में बहुजन समाज पार्टी के तमिलनाडु के प्रदेशाध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चेन्नई पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर के भाई का हाथ होने और करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। परंतु बसपा इससे संतुष्ट नहीं है। जिसके चलते सोमवार को बहुजन समाज पार्टी ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ता जगाधरी अनाजमंडी में एकत्रित हुए, जहां से जुलूस की शक्ल में लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर नारेबाजी की। वहीं बसपा की ओर से डीसी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बसपा ने प्रदेशाध्यक्ष के हत्याकांड की सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व बसपा प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल तिगरा ने किया। प्रदर्शन में चारों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष की उनके आवास के बाहर हत्या कर दिया जाना, बेहद शर्मनाक व सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान है। पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था चरमरा चुकी है। वहीं प्रदेश में भी कानून व्यवस्था लचर है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर कड़े कदम उठाए। अन्यथा बसपा सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी।
प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल तिगरा ने कहा कि वे मांग करते हैं कि के आर्मस्ट्रांग की हत्या की सीबीआई जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि दलित, शोषित वंचित समाज के लोगों का उत्पीड़न लगातार जारी है। प्रदेश बसपा की ओर से डीसी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी सहीराम, जिला प्रभारी विशाल गुर्जर, जिलाध्यक्ष राहुल कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मणदास, जोरा सिंह, शमशेर सिंह आदि उपस्थित रहे।