संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अपनों के होते हुए भी एक व्यक्ति का अंतिम सफर लावारिसों की तरह हुआ। जिंदगी के आखिरी दिनों में फुटपाथ पर गुजारने वाले 55 वर्षीय प्रवेश कुमार की मौत के बाद उनका शव लेने के लिए भाई आगे नहीं आए। पुलिस ने भाई से संपर्क कर उन्हें अंतिम संस्कार करने के लिए काफी समझाया, लेकिन उन्होंने साफ इन्कार कर दिया।
आखिरकार 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद थाना शहर यमुनानगर पुलिस को करनाल की मानव कल्याण संस्था के माध्यम से प्रवेश का अंतिम संस्कार करवाना पड़ा। प्रवेश कुमार लक्ष्मी नगर कैंप का रहने वाले थे। उनका शव 19 नवंबर को महाराणा प्रताप चौक के पास शराब के ठेके के बाहर मिला था। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो वोटर कार्ड मिला। इसके आधार पर उनकी पहचान हुई। पुलिस को की ओर से परिजनों से संपर्क किया गया।
पुलिस ने उसके भाई को शव लेने और अंतिम संस्कार करने के लिए समझाया, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। भाई व अन्य परिजनों का कहना था कि प्रवेश करीब 15 साल पहले ही घर छोड़कर चले गए। वह शराब पीने के आदी थे और काफी समय से फुटपाथ आदि पर रहकर जीवन गुजार रहे थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया था कि प्रवेश का करीब 15 साल पहले पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद से वह अकेला रह रहे थे। परिवार से भी उनका कोई संपर्क नहीं था। जिंदगी के आखिरी दिनों में वह कहां रहते थे और कैसे गुजारा करते थे, इसकी भी परिजनों को जानकारी नहीं थी। परिवार की बेरुखी के चलते मौत के बाद भी उसे अपनों का सहारा नहीं मिल सका।
थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रवेश के भाई को अंतिम संस्कार करने के लिए काफी समझाया गया, लेकिन वह नहीं माना। 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद करनाल की मानव कल्याण संस्था के माध्यम से उसका अंतिम संस्कार करवाया गया।
युवक से मांगा था खाना, थोड़ी देर बाद हो गई मौत
स्थानीय निवासी शुभम ने 19 नवंबर को पुलिस को बताया था कि प्रवेश पिछले तीन-चार दिन से शराब के ठेके के पास पड़े थे। घटना वाले दिन सुबह वह वहां पहुंचा तो प्रवेश ने उससे खाना मांगा। शुभम ने खाना लाकर देने की बात कही। लेकिन जब वह लौटा तो प्रवेश की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। स्थानीय निवासी अवतार सिंह ने बताया था कि करीब ढाई माह पहले प्रवेश उसकी दुकान पर काम करते थे। बीमारी के चलते उन्होंने दुकान पर आना छोड़ दिया था।