यमुनानगर। चोरों ने दिन दहाड़े सब्जी मंडी में आढ़ती का रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया। बैग में पौने दो लाख रुपये व पर्स था, पर्स में भी दो हजार रुपये थे। चोरी की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
भोगपुर गांव निवासी साहिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सब्जी मंडी यमुनानगर में बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दुकान है। दुकान पर उनके साथ मुंशी जयपुर निवासी विक्रम भी रहता है। दोपहर को वह दुकान पर काम खत्म करने के बाद सो गए थे। कुछ देर बाद जब उनकी आंख खुली तो उनका बैग गायब था। बैग में दुकान के पौने दो लाख रुपये थे और पर्स था। जिसमें दो हजार रुपये व अन्य दस्तावेज थे। दुकान से मुंशी का मोबाइल भी गायब मिला। जब उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किये तो एक युवक बैग चोरी करके ले जाता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कर लिया है।