यमुनानगर। जिला में निकल रहे राष्ट्रीय व राज्य मार्ग के साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का सुधारीकरण व नवीनीकरण जल्द किया जाएगा। संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को बरसात के दौरान जहां कहीं भी सड़क को नुकसान हुआ है उसे तुरंत ठीक करने के आदेश दिए जा रहे हैं। यह जानकारी डीसी पार्थ गुप्ता ने दी।
डीसी जिला सचिवालय सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सड़कों के सुधार कार्य बारे ली गई वीडियो कांफ्रेंस में डीसी ने जिला की सड़कों की स्थिति से अवगत कराया। डीसी गुप्ता ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, मार्केटिंग बोर्ड, शहरी स्थानीय निकाय, पंचायत विभाग, जिला परिषद के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी सड़कें गड्ढा मुक्त हों और राहगीरों को कोई परेशानी न आए इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ों की स्थिति सही सुनिश्चित हो इसके लिए विभागीय स्तर पर सजगता बरती जाए। संवाद