यमुनानगर। चोरों ने छोटी लाइन स्थित ट्रेडिंग फैक्ट्री का शटर तोड़कर 40 हजार रुपये और सामान चोरी कर लिया। वहीं एक अन्य मामले में चोरों ने चंगनौली स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े दो डंपरों की बैटरियां चोरी कर लीं। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया हैं।
मॉडल टाउन निवासी हरसिमरन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी एसडी पब्लिक स्कूल के पास छोटी लाइन पर ट्रेडिंग कंपनी के नाम से मेटल फैक्ट्री व दुकान है। वह मंगलवार रात को फैक्ट्री बंद करके घर चला गया था। बुधवार सुबह फैक्ट्री पहुंचा तो शटर टूटा हुआ था और दुकान का दरवाजा भी खुला हुआ था। जांच करने पर दुकान से करीब 40 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान गायब था। चोरी की सूचना पर सेक्टर 17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, बिलासपुर के चंगनौली गांव के नजदीक पेट्रोल पंप पर खड़े दो डंपरों की बैटरियां चोर चोरी कर ले गए। बिलासपुर पुलिस ने ताहरी गांव निवासी जसविंद्र सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।