यमुनानगर। दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में ब्राइट स्किल इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्राओं ने कबड्डी के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
विद्यालय के अंडर-19 बालक कबड्डी दल ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक स्तर पर पहला स्थान हासिल किया और जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई। इसके अलावा अंडर-14 बालिका खो-खो टीम ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी।
विद्यालय के चेयरमैन प्रदीप चहल व प्रिंसिपल चरित कांबोज ने कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दून इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल हंसराज, खेल विभाग के अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत और खेल प्रशिक्षकों कोच अमित सैनी व कोच गौरव के मार्गदर्शन को दिया।